उझानी-बिल्सी वाया सिरासौल मार्ग पर शुक्रवार की शाम गांव के निकट दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई
युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया

बिल्सी। उझानी-बिल्सी वाया सिरासौल मार्ग पर शुक्रवार की शाम गांव के निकट दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई थी। इसमें दोनों बाइक सवार युवक घायल हो गए। एक युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।गांव सिरासौल कुंवर सहाय पट्टी निवासी लकी पुत्र शिवराज सिंह बाइक से बिल्सी लौट रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही विपरीत दिशा से गांव वनबेहटा निवासी युवक दुष्यंत कुमार (20) पुत्र सत्यपाल सिंह आ रहा था। दोनों की बाइकों की तेज रफ्तार के साथ भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार युवक घायल हो गए। घायलों को पुलिस द्वारा बिल्सी सीएचसी लाया गया। जहां प्राथमिक चिकित्सा करने के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।बताते हैं कि दुष्यंत कुमार की गंभीर हालत में कोई सुधार न होने पर परिवार के लोग उसे इलाज के लिए बरेली ले गए। जहां रात के करीब 11 बजे उसने दम तोड़ दिया। परिवार के लोग उसका शव लेकर गांव आ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसके शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। दुष्यंत की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। दोपहर बाद शव का कछला घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया।