बदायूं में जामा मस्जिद और नीलकंठ महादेव मंदिर विवाद की सुनवाई आज
सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी

बदायूं में जामा मस्जिद और नीलकंठ महादेव मंदिर विवाद की सुनवाई आज सिविल जज सीनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी। न्यायाधीश अमित कुमार की अदालत में यह मामला विचाराधीन है।पिछली सुनवाई 11 फरवरी को होनी थी। इंतजामिया कमेटी के वकील अनवर आलम ने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए एप्लिकेशन भेजी थी। इसके बाद अदालत ने आज की तारीख तय की।मामले की शुरुआत 2022 में हुई। अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश पटेल ने दावा किया था कि जामा मस्जिद की जगह पर पहले नीलकंठ महादेव मंदिर था। मस्जिद इंतजामिया कमेटी ने इस दावे को खारिज कर दिया।17 दिसंबर की सुनवाई में मस्जिद कमेटी के वकील ने सुप्रीम कोर्ट का हवाला देकर बहस को समय की बर्बादी बताया। मंदिर पक्ष के वकीलों का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश में मामले की सुनवाई न करने का कोई जिक्र नहीं है।अब तक सरकारी वकील की बहस पूरी हो चुकी है। पुरातत्व विभाग की रिपोर्ट भी मिल चुकी है। वर्तमान में इंतजामिया कमेटी की बहस जारी है। इसके बाद मंदिर पक्ष अपना पक्ष रखेगा। सभी पक्षों की बहस के बाद कोर्ट तय करेगा कि यह मामला सुनवाई योग्य है या नहीं।