बदायूं में एक युवक की नई नवेली दुल्हन अपने प्रेमी के साथ भाग गई
शादी के करीब 9 दिन बाद दुल्हन वापस गांव लौट गई

बदायूं में एक युवक की नई नवेली दुल्हन अपने प्रेमी के साथ भाग गई। कुछ दिन बाद दुल्हन अपने प्रेमी के साथ स्थानीय थाने पहुंची और उसी के साथ रहने जिद करने लगी। इस पर पति और उसका परिवार मौके पर पहुंचा। बताया जा रहा है कि शादी और सगाई में किए गए लेन-देन वापस करने की बात पर सहमति बनने पर दुल्हा और उसका परिवार बिना किसी कानूनी कार्रवाई के वापस लौट गया। इस पर दुल्हे का कहना है कि वह अब खुश है। अगर ऐसा नहीं होता तो उसका भी हाल इंदौर के राजा रघुवंशी की तरह हो सकता था।बदायूं के बिसौली थाना क्षेत्र में सुनील परिवार के साथ रहता है। उसने करीब एक महीने पहले क्षेत्र के ही दूसरे गांव में एक युवती से शादी की थी। शादी के करीब 9 दिन बाद दुल्हन वापस गांव लौट गई। इस बीच दुल्हन अपने प्रेमी के साथ गांव से भाग गई। इसकी भनक दुल्हे और उसके परिवार को लग गई। करीब 15 दिन बाद दुल्हन अपने प्रेमी के साथ बिसौली थाने पहुंची। वह पुलिस के सामने पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रहने की जिद करने लगी। इसके बाद दुल्हन और दुल्हे के परिवार को थाने बुलाया गया। परिजनों के सामने भी दुल्हन ने प्रेमी के साथ ही रहने की जिद की। इस बीच परिजनों ने दुल्हन को बहुत समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने बात नहीं मानी।बताया जा रहा है कि दुल्हन की जिद आगे परिवार झुक गया। दुल्हन और दुल्हे के परिजनों ने सगाई से शादी तक हुए लेन-देन को वापस करने की बात पर समझौता कर लिया। इसके बाद पुलिस के सामने ही पति ने भी दुल्हन को खुशी-खुशी छोड़ने की बात पर लिखित में रजामंदी दे दी। जिसके बाद परिजन दुल्हन और उसके प्रेमी को लेकर वापस चले गए।सुनील का कहना है कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ रहना चाहती थी। इसी वजह से उसने दुल्हन को प्रेमी के साथ भेज दिया। सुनील का कहना है कि वह इंदौर का राजा रघुवंशी बनने से बच गया। अगर वह ऐसा नहीं करता तो उसका भी हाल राजा रघुवंशी की तरह होता।